डीएम मयूर दीक्षित ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई ब्रॉड गेज लाईन परियोजना निर्माण के चलते मरोड़ा गांव के प्रभावितों की समस्याओं के निराकरण के लिए रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए

0
110

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई ब्रॉड गेज लाईन परियोजना निर्माण के चलते मरोड़ा गांव के प्रभावितों की समस्याओं के निराकरण के लिए रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से ग्रामीणों के साथ आवश्यक समन्वय और परियोजना के लिए उनके सहयोग को आवश्यक बताया। जिला कार्यालय में जन सुनवाई के दौरान मरोड़ा गांव के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

ग्रामीणों ने आवासीय भवन का वास्तविक मूल्यांकन न होने, भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, खसरा खतौनी का पुनः आंकलन, मुआवजा वितरण में विषमता जैसी समस्याओं की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराया। जिस पर जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना निर्माण के चलते ग्रामीणों की हर समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रभावित व्यक्तियों की शिकायत पर रेलवे के अधिकारियों को परियोजना में अधिग्रहित हुई भूमि, मकान, गौशाला, शौचालयों, पैदल रास्तों का मुआवजा और मरम्मत करने सहित पेयजल लाइन और बिजली की सुविधाओं को जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ समय-समय पर संवाद कर उनकी हर समस्या को गंभीरता से लेने और अनिवार्य रूप से उनका निस्तारण करने को कहा।

LEAVE A REPLY