प्रदेश के मदरसों सहित सभी निजी और राजकीय शिक्षण संस्थानों में भारत स्काउट एंड गाइड्स की इकाइयां अनिवार्य रूप से स्थापित की जाएगी। इसी कड़ी में उच्च शिक्षा के अंतर्गत महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में रोवर रेंजर की इकाईयां स्थापित की जायेगी।
शिक्षा मंत्री Dr Dhan Singh Rawat ने भारत स्काउट एंड गाइड्स की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। डॉ रावत ने कहा कि वर्तमान परिवेश में छात्र-छात्राओं को स्कूली शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, सामाजिक और नैतिक मूल्यों की भी जानकारी होना जरूरी है, जो उनको स्काउट-गाइड के रूप में आसानी से दी जा सकती है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भी स्कूलों में स्काउट एंड गाइड्स को अनिवार्य रूप से लागू करने की संस्तुति की गई है। विभागीय मंत्री ने बताया कि स्काउट एंड गाइड व रोवर रेंजर में पंजीकृत छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान, टीबी उन्मूलन, नमामि गंगे व स्वच्छ भारत अभियान से भी जोड़ा जायेगा।














