कृषि मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन पहुँचे कृषि मंत्री गणेश जोशीने उठाया ये मुद्दा

0
156

बंगलुरु में आयोजित कृषि मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड के ‘मिशन मिलेट’ यानी, मोटे अनाजों के उत्पादन एवं विपणन को एंड टू एंड प्रोत्साहित करने के मिशन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य का मिलेट प्रोग्राम केंद्रीय विजन के साथ तैयार किया जा रहा है और फाइनल स्टेज में है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कोदा, झंगोरा और कोणी जैसे मिलेट अनाज का उत्पादन पारम्परिक तौर पर किया जाता रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि किसानों के इस पारंपरिक कृषि व्यवहार को आज की बाजार आवश्यकताओं से जोड़ा जाए। इसके लिए अत्याधुनिक कृषि अनुसंधान और उपलब्ध तकनीकी को किसानों तक पहुंचाने और उनके मिलेट उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध करवाने पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। उत्तराखंड के मिलेट उत्पादों की गुणवत्ता को देखते हुए जर्मनी और डेनमार्क जैसे यूरोपीय देशों ने भी इनमें रूचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि आज के बढ़ते नगरीकरण के समय में गुणवत्तायुक्त कृषि एवं बागवानी उत्पादों, विशेष तौर पर ऑर्गेनिक उत्पादों की जबर्दस्त मांग है।

उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में मौजूद शुद्ध पर्यावरणीय व तापमान परिस्थितियों के आधार पर राज्य में ऑर्गेनिक कृषि की भरपूर संभावनाएं हैं। राज्य के किसानों को ऑर्गेनिक कृषि की ओर मिशन मोड पर प्रेरित करने के लिए पूर्वाेत्तर राज्यों की ही तर्ज पर जैविक कृषि के लिए शत-प्रतिशत अनुदान मिलना चाहिए। शुक्रवार को सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन ऑर्गेनिक कृषि तकनीकों और अन्य विषयों पर कई सक्सेज स्टोरीज को भी प्रदर्शित किया गया।

LEAVE A REPLY