देश ने आज करगिल विजय दिवस पर युद्धनायकों को याद किया

0
128

देश में आज करगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है। राष्‍ट्र करगिल विजय दिवस पर युद्धनायकों को याद कर र‍हा है और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। 1999 में ऑपरेशन विजय में भारतीय सशस्‍त्र बलों की जीत की स्‍मृति में यह दिवस मनाया जाता है। इस दिन सेना ने करगिल पहाडियों से पाकिस्‍तानी सेना समर्थित घुसपैठियों को बाहर निकाला था।
करगिल युद्ध साठ से अधिक दिनों तक चला था और अपने क्षेत्रों पर भारत के फिर नियंत्रण होने के साथ समाप्‍त हुआ था। साठ दिन तक चले इस युद्ध में टाइगर हिल की विजय एक बड़ी उपलब्धि थी। भारतीय सैनिकों ने 18 हजार फुट की ऊचाई पर कठिन परिस्थितियों में करगिल युद्ध लड़ा था।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर जवानों को नमन किया। सुश्री मुर्मू ने एक ट्वीट में कहा कि यह दिवस सशस्त्र बलों की असाधारण वीरता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी देशवासी सशस्त्र बलों और उनके परिवार के सदस्यों के हमेशा ऋणी रहेंगे।
करगिल विजय दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने 1999 में राष्ट्र की रक्षा करने में अटूट देशभक्ति और अदम्य वीरता का प्रदर्शन करने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री नायडू ने कहा कि देश करगिल के शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा उनका ऋणी रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने करगिल विजय दिवस पर मातृभूमि की रक्षा में साहस और शौर्य के लिए देश के वीर सपूतों को नमन किया है। उन्‍होंने कहा कि करगिल विजय दिवस मॉं भारती के गौरव का प्रतीक है।
करगिल विजय दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और बलिदान को सलाम करता है। उन्होंने कहा कि जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अत्यंत कठोर परिस्थितियों में बहादुरी से लड़ाई लड़ी। श्री सिंह ने कहा कि उनकी वीरता और अदम्य भावना को भारतीय इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

LEAVE A REPLY