मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखण्ड औद्योगिक विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार ने इन्फ्रास्ट्रक्चर, नीति सुधार व सरलीकरण की दिशा में काफी काम किया है। उन्होंने बताया कि जनवरी, 2020 से अब तक प्रदेश में 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं में उत्पादन प्रारंभ हुआ है। मुख्यमंत्री ने आज देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड निवेशक सम्मान समारोह में निवेशकों को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।
राज्य ने 2018 में अपना पहला निवेश शिखर सम्मेलन ’डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड आयोजित किया था, जिसमें कई क्षेत्रों में 600 से अधिक निवेशकों ने रूपये एक लाख चौबीस हजार करोड़ से अधिक के समझौता ज्ञापन और निवेश इच्छा पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके परिणामस्वरूप 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक के एम.ओ.यू. धरातल पर क्रियान्वित हो गए हैं। यह परियोजनाएं विभिन्न क्षेत्रों की हैं, जिनमें विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन और ऊर्जा क्षेत्र सम्मिलित हैं।
















