उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार ने कहा है कि एक सप्ताह के अंदर परीक्षा कलेण्डर जारी किया जाएगा। आज देहरादून में राकेश कुमार ने कहा कि माह अक्टूबर-नवम्बर, में तीन से चार परीक्षाओं की विज्ञप्ति प्राथमिकता के आधार पर जारी की जाएगी और माह दिसम्बर व जनवरी, 2023 में तीन से चार परीक्षाएं होंगी। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित भर्तियों के परीक्षा पाठ्यक्रमों, नियमों, विज्ञापन आदि का गहनता से परीक्षण कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी विधिक अड़चन से बचा जा सके। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वह संयम बरतते हुए परीक्षा कलेण्डर के अनुसार तैयारी करें, परीक्षा कलेण्डर एक सप्ताह के अंदर आयोग की वेबसाईट psc.uk.gov.in पर अपलोड कर दिया जाएगा।
किसी भी संशय की स्थिति में पीजीआरसी से सम्पर्क स्थापित कर समाधान प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त मानव और वित्तीय संसाधन की उपलब्धता के लिए शासन को अनुरोध पत्र भेज दिया गया है।
बता दें कि 9 सितम्बर को कैबिनेट की बैठक में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 23 परीक्षाओं को राज्य लोक सेवा आयोग को स्थानांतरित कर दिया गया है। इसी क्रम में आयोग ने परीक्षा आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।















