मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजो राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहीद स्थल कचहरी में उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष के परिणामस्वरूप ही हमें नया राज्य मिला। उन्होनें कहा कि शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य के विकास के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस पत्रिका-2022 का विमोचन किया और नैनीताल जनपद की चोरगलिया थाने को सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने के रूप में सम्मानित किया। उन्होंने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल, सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी, भूतपूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्व. जनरल विपिन रावत, स्व गिरीश चन्द्र तिवारी ‘गिर्दा’, स्व. श्री वीरेन डंगवाल को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2022 से सम्मानित किया। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री नारायण दत्त तिवारी, पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, साहित्यकार श्री रस्किन बॉण्ड, साहसिक खेल के क्षेत्र में श्रीमती बछेन्द्री पाल तथा संस्कृति एवं लोक कला के क्षेत्र में श्री नरेन्द्र सिंह नेगी को सम्मानित उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2021 से सम्मानित किया गया।
















