मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आज देहरादून में राज्य स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक में ये जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 9 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश राज्य में हुआ है। श्री धामी ने कहा कि राज्य में इन्वेस्टर्स फ्रेंडली वातावरण बनाने के लिए सरकार ने बहुत से सुधार किए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने एमएसएमई के तहत छोटे-छोटे औद्योगिक प्लॉट के ट्रांसफर की प्रक्रिया को सरल करने और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग व वैकल्पिक औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने की नीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर जिले में आवश्यकतानुसार लीसा डिपो बनाने का परीक्षण कर लिया जाए। बायोमास, इको टूरिज्म और आयुष क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए जरूरी सुधार किये जाएं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों से हर घर तिरंगा के अंतर्गत अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। इस अवसर पर औद्योगिक विकास विभाग, सार्वजनिक उद्यम विभाग, एमएसएमई विभाग के महत्वपूर्ण शासनादेशों की संकलन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
















