अल्मोड़ा की जिलाधिकारी वंदना ने आज जागेश्वर धाम में 16 जुलाई से लगने वाले प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अराजकता फैलाने वालों और टैक्सी चालकों की मनमानी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाए और मेले के दौरान लोकल उत्पादों के भी स्टॉल लगाएं जाएं।
जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालु क्षेत्र की शिल्पकला, काष्ठ शिल्प, एपन कला, धातु शिल्प समेत अन्य विविधताओं से परिचित हो सकें। उन्होंने मेले के दौरान साफ-सफाई, पर्याप्त मात्रा में मोबाइल टॉयलेट और कचरे का निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, बिजली आपूर्ति और चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दिन ही हरेला पर्व भी मनाया जाना है। जिसके लिए जागेश्वर क्षेत्र में पौधरोपण आयोजन की तैयारियां करने के भी निर्देश जारी किए गए।















