राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा है कि स्थानीय उत्पादों को अन्तर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए पैकेजिंग, प्रोसेसिंग, लैब और सप्लाई चेन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। राज्यपाल ने आज राजभवन में पिथौरागढ़ जिला प्रशासन और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई बेडू के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए यह बात कही। राज्यपाल ने कहा कि बेडू के उत्पादों को लोकल से ग्लोबल तक पहुंचाने के प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में जिला प्रशासन पिथौरागढ़ द्वारा बेडू के उत्पादों का जिक्र किया जो सभी के लिए गर्व की बात है। गुरमीत सिंह ने कहा कि बेडू के उत्पादों को सहकारिता से कॉरपोरेट की ओर ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि बेडू जैसे उत्पादों से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे वहीं इससे आर्थिकी में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता परीक्षण के लिए पिथौरागढ़ में एक लैब भी तैयार की जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से इसे पायलेट प्रोजैक्ट के रुप में लेते हुए रोड मैप तैयार करने को कहा। बेडू उत्तराखण्ड के पहाड़ी क्षेत्रों में पाया जाने वाला एक फल है जिसे अंजीर भी कहते हैं। स्थानीय प्रशासन की पहल पर इस फल को विश्व स्तर पर खास पहचान मिलने जा रही है। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान की पहल पर सुदर्शन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बेडू से जैम, स्क्वैश, चटनी, जूस आदि उत्पाद बनाये जा रहे हैं।
















