अल्मोड़ा में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कोसी बैराज के ऊपर से पानी जाने के बाद आज आईटीबीपी के जवानों ने बैराज के सभी पांचों के गेट खोल दिए हैं।
अल्मोड़ा जिले के सल्ट के पिपना क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक आवासीय भवन के गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने शव को मलबे से बाहर निकाल लिया है। उधर, पुराने कलेक्ट्रेट स्थित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियो का आवास परिसर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा भूस्खलन के कारण जिले के कई ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं
वही प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने आज नैनीताल और चंपावत जिले के लिए भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून और पौड़ी जिलों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस बीच लगातार हो रही बारिश से विभिन्न जिलों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। चम्पावत जिले में लगातार चौथे दिन भी बारिश जारी रही। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न संपर्क मार्ग बंद होने से लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण कुछ स्थानों में मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। भारी बारिश के कारण टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 9 बाराकोट, भारतोली, धौन, अमोड़ी स्थानों में भूस्खलन से बाधित है जिसे खोलने के लिए निर्माण एजेंसियों लगातार काम कर रही हैं। जिले के करीब 21 ग्रामीण और सम्पर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त और बाधित हैं। वहीं शारदा नदी भी उफान पर है । नदी किनारे रह रहे लोगो को अलर्ट किया गया है।
















