देहरादून समेत प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। जबकि राज्य के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने आज प्रदेश के पर्वतीय अंचल और मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल प्रदेश के देहरादून, नैनीताल चंपावत और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरकाशी में भूस्खलन होने के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग खनेडा के पास बाधित। मार्ग को खोलने की कार्यवाही जारी है।
इस बीच चमोली जिले की पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आपदा की दृष्टिगत पुलिस जवानों को अभ्यास कराये जाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में आज चमोली के पुलिस उपाधीक्षक धन सिंह तोमर ने कोतवाली गोपेश्वर व कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार सैनी ने कोतवाली कर्णप्रयाग का भौतिक सत्यापन किया। पुलिस अधिकारियों ने आपदा सीजन के दृष्टिगत थाना क्षेत्रान्तर्गत अत्याधिक वर्षा, भूस्खलन आदि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत बचाव कार्य के लिए आपदा उपकरण वुड कटर, स्ट्रेचर, रस्सी, रेन कोट आदि को तैयार हालत में रखते हुए पूरी पुलिस टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
















